🚀 Fast Tech Updates & Exclusive Offers Join Channel ✕

Gmail ने खत्म कर दी सबसे बड़ी परेशानी।अब बिना Email खोले ही Copy होगा Verification Code

Gmail यूजर्स के लिए एक काम का अपडेट सामने आया है। अब वेरिफिकेशन कोड कॉपी करने के लिए पूरा ईमेल खोलने और उसमें कोड खोजने की जरूरत नहीं पड़ेगी। Gmail के इनबॉक्स में ही ‘Copy Code’ का बटन दिखाई देगा, जिस पर टैप करते ही कोड कॉपी हो जाएगा। यह सुविधा Android और iPhone दोनों के Gmail ऐप में मिलनी शुरू हो गई है।

यह सुविधा खासतौर पर तब काम आएगी, जब किसी ऐप या वेबसाइट में लॉगिन करते समय टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन का कोड Gmail पर आया हो। पहले इसके लिए ईमेल खोलना, कोड ढूंढना और फिर उसे कॉपी करना पड़ता था। अब Gmail ने इसी छोटे से काम को काफी आसान कर दिया है।

इनबॉक्स से ही कॉपी होगा कोड

नए अपडेट में Gmail वेरिफिकेशन कोड वाले ईमेल के नीचे ‘Copy Code’ का छोटा बटन दिखाता है। यह बटन ईमेल के प्रीव्यू में ही नजर आ सकता है। यूजर को सिर्फ उस बटन पर टैप करना होगा और कोड सीधे फोन के क्लिपबोर्ड में कॉपी हो जाएगा। इसके बाद जिस ऐप या वेबसाइट पर कोड मांगा गया है, वहां जाकर उसे पेस्ट किया जा सकता है। यानी अब सिर्फ छह अंकों का कोड देखने के लिए ईमेल खोलने और उसे हाथ से चुनकर कॉपी करने का झंझट नहीं रहेगा।

Android और iPhone दोनों में आया फीचर

Gmail के इस फीचर को 9to5Google ने सबसे पहले report किया है। Gmail का यह नया फीचर सिर्फ Android यूजर्स के लिए नहीं है। इसकी शुरुआत Android और iOS दोनों ऐप में हो गई है। रिपोर्ट के मुताबिक Android के लिए यह सुविधा Gmail वर्जन 2026.09.07.x और iPhone के लिए वर्जन 6.0.260907 में देखी गई है। हालांकि सभी यूजर्स को यह सुविधा एक साथ नहीं मिल रही है और इसका रोलआउट धीरे-धीरे हो रहा है।

Gmail खोलना पड़ेगा, ईमेल नहीं

यहां एक बात साफ समझना जरूरी है। बिना ईमेल खोले कोड कॉपी किया जा सकेगा, लेकिन Gmail ऐप खोलना फिर भी जरूरी होगा। फीचर का फायदा यही है कि Gmail के मुख्य इनबॉक्स में दिख रहे वेरिफिकेशन मेल से ही कोड कॉपी किया जा सकता है। यानी ईमेल के अंदर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

Gmail के वेब वर्जन में अभी नहीं

अगर आप कंप्यूटर या लैपटॉप पर Gmail चलाते हैं, तो फिलहाल वहां यह सुविधा नहीं मिलेगी। ‘Copy Code’ शॉर्टकट अभी Gmail के वेब वर्जन में उपलब्ध नहीं है। यह सुविधा फिलहाल मोबाइल ऐप तक ही सीमित है।

आपके फोन में फीचर नहीं दिख रहा तो

Gmail ऐप को Play Store या App Store से अपडेट करके देख सकते हैं। लेकिन ऐप अपडेट करने के बाद भी यह जरूरी नहीं कि फीचर तुरंत दिखाई दे, क्योंकि इसका रोलआउट धीरे धीरे किया जा रहा है। फिलहाल यह Gmail का छोटा अपडेट जरूर है, लेकिन रोजाना ईमेल के जरिए वेरिफिकेशन कोड इस्तेमाल करने वालों के लिए इससे एक अनावश्यक स्टेप जरूर कम हो जाएगा।

यह भी पढ़े;- कॉल पर ही पकड़ में आ जाएगा Scam! Android और iPhone में ये फीचर्स अभी ऑन करें

FAQs

1. Gmail में बिना ईमेल खोले वेरिफिकेशन कोड कैसे कॉपी होगा?

Gmail के इनबॉक्स में वेरिफिकेशन कोड वाले मेल के साथ ‘कॉपी कोड’ का विकल्प दिखाई देगा। इस पर टैप करते ही कोड कॉपी हो जाएगा।

2. Gmail का नया कॉपी कोड फीचर किन फोन में मिलेगा?

यह सुविधा फिलहाल Android और iPhone के Gmail ऐप में मिलनी शुरू हुई है। इसका रोलआउट धीरे-धीरे किया जा रहा है।

3. Gmail में कॉपी कोड का विकल्प दिखाई नहीं दे रहा है, क्या करें?

Gmail ऐप को प्ले स्टोर या ऐप स्टोर से अपडेट करके देखें। इसके बाद भी विकल्प नहीं दिखता है, तो हो सकता है कि यह सुविधा अभी आपके अकाउंट तक नहीं पहुंची हो।

4. क्या Gmail के कंप्यूटर वाले वर्जन में भी यह सुविधा मिलेगी?

फिलहाल Gmail के वेब वर्जन में यह सुविधा उपलब्ध नहीं है। अभी इसे मोबाइल ऐप में ही देखा गया है।

5. क्या कॉपी कोड दबाने से कोड अपने आप भर जाएगा?

नहीं। कॉपी कोड पर टैप करने से कोड कॉपी होगा। इसके बाद जिस ऐप या वेबसाइट पर कोड डालना है, वहां उसे पेस्ट करना होगा।


1 thought on “Gmail ने खत्म कर दी सबसे बड़ी परेशानी।अब बिना Email खोले ही Copy होगा Verification Code”

Leave a Comment